मुंबई हमले से ओबामा पर दबाव बढ़ा
वाशिंगटन, 28 नवंबर: मुंबई आतंकवादी हमलों से नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा पर दक्षिण एशिया में स्थिरता कायम करने के लिए दबाव बढ़ेगा।
अमेरिका के समाचार पत्र 'वाल स्ट्रीट जर्नल' के अनुसार पाकिस्तान के कबायली इलाके में अल कायदा के खिलाफ संघर्ष में बेहतर सहयोग के लिए राष्ट्रपति जार्ज बुश के प्रशासन ने भारत के साथ सहयोग बढ़ाने के साथ ही उसके पाकिस्तान के साथ संबंधों को सुधारने के प्रयास भी किए।
मुंबई हमले की ओर संकेत करते हुए समाचार पत्र ने कहा है कि यदि दोनों देशों आपस में फिर उलझ गए तो इससे दक्षिण एशियाई क्षेत्र में अमेरिकी हित काफी प्रभावित होंगे।
अखबार के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि इस हमले में पाकिस्तान स्थित दो आतंकवादी संगठनों लश्कर ए-तैयबा और जैश ए-मोहम्मद की भूमिका हो सकती है।
अमेरिका को चिंता है कि भारत-पाकिस्तान के एक-दूसरे पर दोषारोपण से अल कायदा के खिलाफ संघर्ष प्रभावित हो सकता है।
गौरतलब है कि अपने प्रचार अभियान के दौरान ओबामा ने भारत-पाकिस्तान तथा पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच संबंधों में सुधार को दक्षिण एशिया में स्थिरता की प्रमुख धुरी बताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मुंबई में आतंकी हमलेः हर पल की खबर












Click it and Unblock the Notifications