मुंबई हमला : 'ससन गोदी पर एक नाव से उतरे थे 10 आतंकवादी'
मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में बुधवार रात कहर बरपाने वाले आतंकवादी एक नाव जरिए ताज होटल से एक किलोमीटर दूरी पर स्थित ससन गोदी पहुंचे थे।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री आर.आर. पाटिल ने गुरुवार को कहा कि आतंकवादी समुद्री रास्ते से यहां पहुंचे थे। जिन जगहों को निशाना बनाया गया वे समुद्र से कुछ ही दूरी पर हैं।
कुछ मछुआरे जो उस समय समुद्र तट के समीप थे उनका भी कहना है कि नाव पर सवार होकर 10 संदिग्ध लोग मुंबई पहुंचे थे। उनके पास बहुत सा सामान भी था।
एक मछुआरे ने बताया, "वे लोग मछुआरों जैसे नहीं लग रहे थे। इसलिए हमने उनसे पूछा कि वे तट पर क्या उतार रहे हैं। इस पर उनमे से एक ने बहुत ही साफ हिंदी में कहा, 'तुम अपना काम करो और हमें अपना काम करने दो।"
उधर, गेटवे ऑफ इंडिया पर काम करने वाले दो लड़कों ने दावा किया कि उन्होंने आतंकवादियों को नाव से उतरते देखा।
13 वर्षीय एक लड़के ने एक निजी समाचार चैनल से कहा, "मैंने देखा कि कुछ लोग बुधवार रात नाव से पहुंचे थे। जब मैंने उनसे पूछा कि वे कहां जाएंगे तो उन्होंने कुछ नहीं बताया।"
वहीं दूसरे लड़के का कहना है कि वे जल्दी में दिख रहे थे और उनके पास बड़े बैग भी थे।
गौरतलब है कि बुधवार रात ताज और ओबेरॉय होटलों समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में कम से कम 101 लोग मारे गए और 250 से अधिक घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।