विस चुनाव : मप्र में हाई अलर्ट के बीच मतदान शुरू
भोपाल, 27 नवंबर (आईएएनएस)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बुधवार रात हुए आतंकवादी हमले के बाद गुरूवार को मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हाई अलर्ट के बीच शुरू हुआ। मतदान के शुरूआत में मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
मध्यप्रदेश के 230 विधान सभा क्षेत्रों में गुरुवार को मतदान हो रहा है। मतदान का समय शुरू होते ही मतदाताओं की भीड़ मतदान केंद्रों की ओर पहुंचने लगी। शहरी इलाके के अधिकांश मतदान केन्द्रों के बाहर मतदाताओं की कतारें नजर आ रही है वहीं ग्रामीण इलाकों में मतदान की रफ्तार कुछ धीमी है।
राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ बुधनी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 23 में मतदान किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के बाद मध्यप्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनशक्ति की मुखिया उमा भारती ने टीकमगढ़ के सिविल लाइन क्षेत्र के मतदान केन्द्र पर मतदान किया। उन्होंने पहले पूजा अर्चना की और उसके बाद मतदान के लिए निकली।
मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता बन्दोबस्त किए गए है। मतदान केन्द्रों के आस-पास भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं सड़कों पर गश्ती का दौर चल रहा है। दुपहिया और चार पहिया वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*