मुंबई आतंकी हमला : दिल्ली में प्रधानमंत्री की चुनाव रैली रद्द
नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में बुधवार के आतंकवादी हमलों के बाद राजधानी में गुरुवार को होने वाली प्रधानमंत्री की चुनाव रैली रद्द कर दी गई है। इन हमलों में कम से कम 101 लोग मारे गए और 250 से ज्यादा घायल हो गए।
मनमोहन सिंह दक्षिण दिल्ली के दक्षिणपुरी इलाके में गुरुवार को दोपहर दो बजे एक रैली को संबोधित करने वाले थे।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जे.पी.अग्रवाल ने आईएएनएस को बताया कि मुंबई में आतंकवादी हमलों के मद्देनजर राजधानी में प्रधानमंत्री की रैली रद्द कर दी गई है। दिल्ली विधानसभा के लिए शनिवार को मतदान होगा।
गौरतलब है कि मुंबई में बुधवार रात दो पांचसितारा होटलों सहित सात स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में कम से कम 101 लोग मारे गए और 250 से अधिक घायल हो गए। गुरुवार तड़के से होटल ताज से गोलीबारी की आवाजें आ रही हैं, जहां बंधकों को छुड़ाने के लिए सुरक्षाकर्मियों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*