मुंबई आतंकी हमला : मृतकों की संख्या 101 हुई (लीड-1)
मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के दो प्रमुख पांचसितारा होटलों समेत सात जगहों पर बुधवार रात हुए आतंकवादी हमलों में 101 लोग मारे गए और 250 से अधिक घायल हो गए जबकि गुरुवार तड़के होटल ताज से गोलीबारी की आवाजें आ रही हैं, जहां बंधकों को छुड़ाने के लिए सुरक्षाकर्मियों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है।

बॉलीवुड शहर में आतंकवादी हमलों को 12 घंटे से ज्यादा हो चुके हैं। स्वचालित राइफलों और ग्रेनेडों से लैस बड़ी संख्या में आतंकवादी मुंबई में समुद्र के रास्ते दाखिल हुए हैं। उनके विदेशी होने के संकेत मिल रहे हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हमलों की निंदा की है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलास राव देशमुख ने कहा है कि मुंबई में स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और कम से कम तीन जगहों पर अभी भी गोलीबारी जारी है। बंबई स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में गुरुवार को बंद रखा गया है।
आतंकवादियों ने बुधवार रात 10.15 और 10.30 बजे होटल ताज, होटल ओबराय-ट्राइडेंट, मेट्रो थियेटर और छत्रपति शिवाजी टर्मिनल को निशाना बनाया। विले पार्ले इलाके में एक टैक्सी पर हथगोले भी फेंके गए, इसके अलावा मझगांव में भी हमला किया गया।
आतंकवादियों ने एक पुलिस वाहन को अगवा कर लिया था। आतंकवादी हमले में आतंकवादी निरोधक दस्ता के प्रमुख हेमंत करकरे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक काम्टे, सदानंद दाते और एनकाउंटर विशेषज्ञ पुलिस अधिकारी विजय सालस्कर शहीद हो गए।
आतंकवादी हमलों के बाद पूरे देश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। अमेरिका समेत कई देशों ने इन हमलों की निंदा की। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने भी आंतकवादी हमलों की निंदा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी हिंसक घटनाओं को जायज नहीं ठहराया जा सकता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*