गोल्फ विश्व कप : जीव और रंधावा पहले दिन प्रभावित नहीं कर सके
शेनझेन, 27 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के स्टार गोल्फ खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह और ज्योति रंधावा ओमेगा मिशन हिल्स गोल्फ विश्व कप के पहले दिन कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके।
भारतीय जोड़ी पहले दौर के बाद शीर्ष पर चल रही टीम से पांच शॉट पीछे है। जर्मनी की टीम शीर्ष पर चल रही है। मार्टिन केमेर और एलेक्स सेजका ने पहले दौर में 10-अंडर 62 स्कोर हासिल किया।
विश्व के 44वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जीव और रंधावा पहले दौर के बाद पांच-अंडर 67 स्कोर हासिल करने में सफल रहे।
जीव ने स्वीकार किया कि अगर उनकी और रंधावा की पटिंग अच्छी रही होती तो भारतीय टीम और अच्छा प्रदर्शन कर सकती थी।
बकौल जीव, "हम अपनी गलती से पिछड़े हैं। हम इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे। हमारी पटिंग अच्छी नहीं रही। हालांकि हम बहुत खराब स्थिति में नहीं हैं। आने वाले दौर में हम इसमें सुधार की गुंजाइश देख रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।