योग पर प्रतिबंध नहीं लगाएगा इंडोनेशिया
जकार्ता, 26 नवंबर (आईएएनएस)। दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाले राष्ट्र इंडोनेशिया ने योग पर प्रतिबंध नहीं लगाने का निर्णय लिया है।
जकार्ता, 26 नवंबर (आईएएनएस)। दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाले राष्ट्र इंडोनेशिया ने योग पर प्रतिबंध नहीं लगाने का निर्णय लिया है।
देश के शीर्ष मौलवी ने कहा कि उनका देश मलेशिया में मुस्लिमों के लिए योग प्रतिबंधित घोषित करने के निर्णय का अनुसरण नहीं करेगा।
इंडोनेशिया की उलेमा परिषद (एमयूआई) के उप प्रमुख उमर शिहाब के हवाले से जकार्ता पोस्ट ने कहा, "अगर यह खेल है तो इससे कोई नुकसान नहीं है। लेकिन यदि इससे मुस्लिम विचारों को नुकसान पहुंचने की बात सिद्ध हुई तो उसके बाद क्या फैसला होगा, यह मैं नहीं जानता।"
एमयूआई के आज्ञा आयोग के उप प्रमुख अली मुस्तफा याकूब ने कहा कि योग पर प्रतिबंध लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि यहां कोई भी मुसलमान इसका अभ्यास करता नहीं पाया गया है। यदि वे हैं भी तो सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देते। इसलिए यहां कोई समस्या नहीं है।
याकूब ने कहा कि इंडोनेशिया पर भारतीय प्रभाव बहुत कम है और केवल संगीत जैसे क्षेत्रों में ही सीमित है।
शिहाब ने कहा कि योग को प्रतिबंधित करने से पहले काफी अनुसंधान किया जाएगा। परिषद ने योग के संबंध में कोई अध्ययन नहीं किया है और न ही जनता से इस संबंध में कोई शिकायत मिली है।
गौरतलब है कि मलेशिया में फतवा परिषद ने पिछले सप्ताह एक आज्ञा जारी करके मुसलमानों के लिए योग के अभ्यास को 'हराम' घोषित कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।