जहाज को डुबाने पर थाईलैंड ने भारत से स्पष्टीकरण मांगा
बैंकाक, 26 नवंबर (आईएएनएस)। पिछले सप्ताह भारतीय नौसेना द्वारा डुबोया गया जहाज एक थाई व्यक्ति का होने के प्रमाण मिलने के बाद थाईलैंड ने भारत से इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार थाई विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता थारिट चारुं गवाट ने कहा कि हमने भारतीय अधिकारियों से जहाज के स्वामित्व को प्रमाणित करने में सहयोग और किसी जहाज से संघर्ष में उलझने के नौसेना के नियमों पर स्पष्टीकरण मांगा है।
गौरतलब है कि भारतीय नौसेना के एक जहाज आईएनएस तबर ने 18 नवंबर को अदन की खाड़ी में एक जहाज को लुटेरों का समझ कर डुबो दिया था।
अब यह विश्वास किया जा रहा है कि यह जहाज एकवाट 5 था, जो दक्षिणी प्रशांत के द्वीपीय राष्ट्र किरिबाती में रजिस्टर्ड था। परंतु इसका मालिक एक थाई नागरिक विचारन सिरिचाईकवाट है।
थाई विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसको विश्वास है कि डुबोया गया जहाज एकवाट 5 था, क्योंकि इसके मालिक से जहाज का आखिरी बार संपर्क 18 नवंबर को ही हुआ था। इसके चालक दल के 16 में से जीवित बचे एक कंबोडियाई नागरिक ने यमन में अस्पताल में घटना की पूरी जानकारी दी।
थारिट के अनुसार अदन की खाड़ी में पहले समुद्री लुटेरों ने इस जहाज पर कब्जा कर लिया और उसके बाद भारतीय नौसेना ने इस पर हमला किया। भारतीय हमले के समय चालक दल के सभी सदस्य बंधे हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।