पेरू में महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए सख्त कानून की मांग
लीमा, 26 नवंबर(आईएएनएस)। पेरू में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा से निपटने के लिए सरकार से सख्त कदम उठाने की अपील की गई है। विरोध मार्च के लिए निकलीं सैकड़ों महिलाओं ने यौन हिंसा में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
'महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन के लिए संयुक्त राष्ट्र दिवस' के मौके पर महिलाओं ने राजधानी लीमा में मार्च किया। इसमें 200 से अधिक महिलाओं ने शिरकत की। ईएफई न्यूज एजेंसी के मुताबिक महिलाओं ने काली पोशाक पहनकर मार्च में भाग लिया।
उनका आरोप था कि सरकार और पुलिस दोनों महिलाओं की रक्षा करने में असफल रही है। इसमें भाग लेने वाले संगठनों में से एक 'फ्लोरा ट्रिस्टन कलेक्टिव' की बिएट्रिज रामीरेज ने कहा, "हिंसा की शिकार महिलाओं के साथ न्याय नहीं हो रहा है।"
प्रदर्शनकारियों ने पेरू की संसद के सामने जमा होकर नारे लगाए। रामीरेज के मुताबिक 1980-2000 की अवधि में माओवादी संगठन शाइनिंग पाथ के सदस्यों एवं सैनिकों ने जिन हजारों महिलाओं के साथ बलात्कार किया था, आज तक उनके साथ न्याय नहीं हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।