लुटेरों ने यमनी मालवाहक जहाज को छोड़ने के लिए फिरौती मांगी (लीड-1)
सना (यमन), 25 नवंबर (आईएएनएस)। सोमालियाई समुद्री लुटेरों ने अपह्रत यमनी मालवाहक पोत को रिहा करने की एवज में 20 लाख डॉलर की फिरौती मांगी है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार दक्षिण-पूर्व यमनी बंदरगाह मुकाला के सूत्रों ने बताया कि 'एरिना' नामक जहाज का अपहरण सोकोत्रा द्वीप जाते समय 19 नवंबर को किया गया।
हथियार बंद अपहरणकर्ता जहाज को उत्तरी सोमालिया के अर्धस्वायत्त पुंटलैंड क्षेत्र के ईल बंदरगाह पर ले गए हैं। इस जहाज में 570 टन इस्पात और निमार्ण सामग्री लदी है।
इस सामान की मालिक मुलाका की जुराएबा और बिन-मखजूम निर्माण कंपनी है। कंपनी के सूत्रों ने बताया कि जहाज के मालिक और अपहरणकर्ताओं के बीच सौदेबाजी जारी है। जहाज का मालिक सोमालियाई मूल का यमनी है।
लुटेरों द्वारा अगवा किया गया यह यमन का यह अब तक सबसे बड़ा पोत है। इसके पहले वे यमन के मछली पकड़ने के जहाजों पर हमले करते थे।
हिंद महासागर से जुड़ी अदन की खाड़ी स्वेज नहर के माध्यम से भूमध्य सागर और प्रशांत महासागर से जुड़ी है। यह दुनिया का सबसे व्यस्त समुद्री परिवहन मार्ग है। यहां समुद्री लुटेरों द्वारा पोतों पर हमले की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।