झारखंड में भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोपी मंत्रियों के इस्तीफे मांगे
रांची, 25 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने भ्रष्टाचार के आरोपी दो मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की है। इन दोनों मंत्रियों पर आय से अधिक संपत्ति जमा करने के आरोप हैं।
विशेष सतर्कता न्यायालय के न्यायाधीश ए.के. सिंह ने सोमवार को ग्रामीण विकास मंत्री एनोस एक्का व शहरी विकास मंत्री हरिनारायण राय के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करने के लिए सतर्कता विभाग को निर्देश जारी किया। यह आदेश देवघर जिले के निवासी विनोद कुमार की एक याचिका के आधार पर दिया गया।
कुमार ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2005 में मंत्री बनने के बाद एक्का व राय ने भ्रष्ट तरीकों से अकूत संपत्ति इकट्ठा की।
ज्ञात हो कि दोनों निर्दलीय विधायक हैं।
इस मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने कहा, "सतर्कता न्यायालय के निर्देश पर शिबू सोरेन सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए दोनों मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया जाना चाहिए।''
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।