भारत और इंग्लैंड, दोनों के लिए भाग्यशाली रहा है कटक
नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। कटक के बाराबती स्टेडियम में बुधवार को भारत और इंग्लैंड के बीच दिन-रात का एकदिवसीय मुकाबला खेला जाना है। आंकड़ों पर गौर करें तो यह मैदान दोनों टीमों के लिए भाग्यशाली रहा है।
इस मैदान पर कुल 13 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 11 में भारत शामिल रहा है, जबकि बाकी के दो मुकाबले में आस्ट्रेलिया-जिंबाब्वे और इंग्लैंड-पाकिस्तान के बीच हुए हैं। 27 अक्टूबर, 1996 को भारत और आस्ट्रेलिया के बीच यहां एक मैच खेला जाना था, लेकिन यह रद्द कर दिया गया था।
इंग्लैंड ने इस मैदान पर चार मैच खेले हैं, जिनमें से तीन में उसकी जीत हुई है। इंग्लैंड ने यहां भारत को दो बार और पाकिस्तान को एक बार हराया है। भारतीय टीम इंग्लैंड को सिर्फ एक बार हरा सकी है।
कुल मिलाकर भारत ने इस मैदान पर 11 मुकाबले (आस्ट्रेलिया के साथ रद्द मैच को छोड़कर) खेले हैं। इनमें से सात में उसकी जीत हुई है, जबकि इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और श्रीलंका की टीमों ने इस मैदान पर उसे पटखनी दी है। इंग्लैंड ने 1984 और 2002 में यहां भारत को हराया है।
इस मैदान पर खेले गए पहले मैच की बात करें तो यह 27 जनवरी, 1982 को खेला गया था। इसमें भारत ने इंग्लैंड को पांच विकेट से पराजित किया था। इस मैदान पर आखिरी मुकाबला 24 जनवरी, 2007 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया था, जिसे भारत ने 20 रनों से जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**