हान्ना फोस्टर हत्याकांड में कोहली को उम्रकैद (लीड-2)
लंदन, 25 नवंबर (आईएएनएस)। विनचेस्टर क्राउन अदालत ने 17 वर्षीय ब्रिटिश किशोरी हान्ना फोस्टर के साथ बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में मनिंदर पाल सिंह कोहली को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस सजा के तहत कोहली को कम से कम 24 साल जेल में बिताने होंगे।
विनचेस्टर क्राउन अदालत में जूरी ने सर्वसम्मति से कोहली को बलात्कार, हत्या और अगवा करने के मामले में दोषी ठहराया।
दोषी करार देते ही दो बच्चों के पिता 41 वर्षीय कोहली ने सिर को झटक दिया। भारत में कोहली ने अपने अपराध को कबूल कर लिया था। बाद में ब्रिटेन में छह सप्ताह तक चली सुनवाई में उसने कहा कि उससे बदला लेने के लिए फंसाया गया है।
उसने कहा कि पहले उसे अगवा किया गया फिर एक अज्ञात महिला के साथ सेक्स संबंध के लिए बाध्य किया गया। उसे बाद में पता चला कि उसका नाम हान्ना है।
हान्ना फोस्टर की हत्या 14 मार्च 2003 को साउथंपटन शहर में की गई थी। हान्ना फोस्टर का शव उसके घर से कुछ ही दूरी पर एक नाली से दो दिन बाद बरामद हुआ था।
फोस्टर की हत्या के बाद मनिंदर पाल सिंह कोहली पुलिस से बचने के लिए भारत आ गया था। लेकिन हान्ना के माता-पिता हिलेरी और ट्रेवर फोस्टर ने इस मामले में आरोपी को पकड़वाने के लिए अभियान चलाया। इस सिलसिले में फोस्टर दंपति ने भारत का भी दौरा किया। बाद में कोहली को भारतीय पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कलिंगपोम शहर से गिरफ्तार कर लिया था।
सजा सुनाए जाने के बाद ट्रेवर फोस्टर ने कहा कि हमें आज न्याय मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।