भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान का दौरा करेगी : मियांदाद
दुबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की जूनियर हॉकी टीम का पाकिस्तान दौरा रद्द होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पाकिस्तान दौरे को लेकर अनिश्चितताओं के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के महानिदेशक जावेद मियांदाद ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान का दौरा करेगी।
दुबई के समाचार पत्र 'गल्फ न्यूज' को दिए साक्षात्कार में मियांदाद ने कहा, "मुझे पूरा यकीन है कि भारत और पाकिस्तान के बीच श्रृंखला होगी। भारत ने हमेशा हमारा साथ दिया है और इस बार भी वे हमारा साथ देंगे। जब भारत की जूनियर हॉकी टीम ने अपना पाकिस्तान दौरा रद्द किया था तो हम थोड़े चिंतित जरूर हुए थे लेकिन अब लगता है कि मामला सुलझा लिया जाएगा।"
भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के प्रदर्शन के सवाल पर मियांदाद ने कहा कि फिलहाल भारतीय टीम अच्छा खेल रही है लेकिन भारत के साथ मुकाबले में पाकिस्तान भी बेहतर टीम नजर आएगी। पुराने रिकार्ड कोई मायने नहीं रखते।
गौरतलब है कि मियांदाद को हाल ही में पीसीबी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। कहा जा रहा है कि पाकिस्तानी टीम का कोच बनने का प्रस्ताव उन्होंने ठुकरा दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications