पीएलओ ने अब्बास को फिलीस्तीन का राष्ट्रपति चुना
रामल्ला, 24 नवंबर (आईएएनएस)। फिलीस्तीन लिबरेशन ऑर्गेनाइजेशन (पीएलओ) की केंद्रीय परिषद के सदस्यों ने फिलीस्तीन अथॉरिटी (पीए) के अध्यक्ष महमूद अब्बास को भावी फिलीस्तीनी राष्ट्र का राष्ट्रपति चुना है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पश्चिमी तट के रामल्ला शहर में पीएलओ की केंद्रीय परिषद के करीब 126 सदस्यों की दो दिन तक चली बैठक में फिलीस्तीन की मौजूदा अांतरिक स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया।
स्वतंत्र फिलीस्तीन राष्ट्र की स्थापना अभी हुई नहीं है। ऐसे में इस कदम को अब्बास की स्थिति मजबूत बनाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। अब्बास ने परिषद की बैठक की शुरुआत में कहा था कि यदि फतह और हमास में सुलह नहीं हो सकी तो वे आगामी जनवरी में चुनाव कराना चाहेंगे।
फिलीस्तीनी नेतृत्व इस समय बंटा हुआ है। पिछले वर्ष जून से गाजा पट्टी पर हमास का नियंत्रण है और पश्चिमी तट के कुछ हिस्सों का नियंत्रण पीए तथा फतह के हाथ में है।
इस बीच अब्बास को फिलीस्तीनी राष्ट्र का राष्ट्रपति चुनने के पीएलओ की केंद्रीय परिषद के
फैसले की हमास ने आलोचना करते हुए कहा है कि पीएलओ अब प्रासंगिक नहीं है और सभी फिलीस्तीनियों का प्रतिनिधित्व भी नहीं करतीं।
इससे पहले फिलीस्तीन नेशनल कौंसिल (पीएनसी)ने नवंबर 1988 में दिवंगत नेता यासिर अराफात को देश का राष्ट्रपति निर्वाचित किया था। अराफात पीए के अध्यक्ष एवं पीएलओ के प्रमुख भी रहे।
अराफात का नवंबर 2004 में निधन हो जाने के बाद अब्बास को जनवरी 2005 में पीएलओ की कार्यकारिणी का अघ्यक्ष चुना गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications