बिहार में नक्सलियों का मुकाबला कर रहे हैं ग्रामीण
पटना, 24 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में नक्सल प्रभावित कैमूर जिले के दो गांवों में युवकों ने नक्सलियों के विरूद्ध मुहिम चला रखी है। यहां ग्रामीण अब नक्सलियों से लोहा लेने की तैयारी कर रहे हैं।
कैमूर जिले के अघौरा थाना क्षेत्र के सड़की और बंधा गांव के युवक अपने परंपरागत हथियारों एवं कुछ लोग अपने लाइसेंसी हथियारों के सहारे रात में गांव की पहरेदारी करते हैं।
भभुआ क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह यादव भी मानते हैं कि ऐसी स्थिति पुलिस के गांवों में नहीं पहुंचने के कारण उत्पन्न हुई है। सिंह ने आईएएनएस को बताया, "जिला मुख्यालय से करीब 150 किलोमीटर दूर इन गांवों में पुलिस रात में तो क्या, दिन में भी जाने से हिचकती है। इस कारण लोगों ने नक्सलियों से खुद अपनी रक्षा करने की ठान ली है।"
दूसरी ओर कैमूर जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस गांवों में जाती है और उन्हें ग्रामीणों का सहयोग भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की मदद के कारण ही वहां के ग्रामीण नक्सलियों से लोहा लेने को तैयार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications