मारपीट के आरोप की सीए करेगी जांच, सायमंड्स ने दी सफाई (लीड-1)
सिडनी, 24 नवंबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के हरफनमौला क्रिकेटर एंड्रयू सयमंड्स ने ब्रिसबेन के एक होटल में शराब पीकर मारपीट करने के आरोप से इनकार किया है। उधर, क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने इस मामले की जांच कराने का फैसला किया है।
समाचार पत्र 'सिडनी मार्निग हेराल्ड' के मुताबिक सायमंड्स ने इस विवाद के प्रकाश में आने के बाद सफाई दी है। उन्होंने कहा, "मैं होटल में अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पी रहा था तभी एक व्यक्ति ने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया। मैंने सिर्फ अपने आप को बचाने की कोशिश की थी।"
दरअसल, मीडिया में इस तरह की खबरें आई थीं कि रविवार रात सायमंड्स ने ब्रिसबेन के नोरमैनबी होटल में शराब पीकर लोगों के साथ हाथापाई की। उस समय वहां आस्ट्रेलियाई रग्बी टीम के खिलाड़ी भी मौजूद थे ।
उधर, सीए के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस पूरे मामले पर ब्योरा मंगाया जा रहा है। इसके बाद ही सीए की प्रशासनिक समिति इस पर कोई फैसला करेगी। अगर सायमंड्स इस मामले में दोषी पाए जाते हैं तो सीए के साथ उनका अनुबंध खत्म हो सकता है और वह टीम से बाहर भी निकाल दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले बांग्लादेश दौरे के दौरान टीम की बैठक में शामिल होने के बजाय सायमंड्स मछली पकड़ने चले गए थे। इसके बाद उन्हें टीम से बाहर निकाल दिया गया था। अभी न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट श्रृंखला में उनकी टीम में वापसी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications