अटारी सीमा से जुड़े मसलों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अमृतसर के निकट अटारी में सोमवार को केंद्रीय गृह सचिव मधुकर गुप्ता की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में पंजाब में भारत-पाकिस्तान सीमा खासकर अटारी-वाघा सीमा से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में गृह मंत्रालय में सीमा प्रबंधन सचिव जरनैल सिंह, सीमा प्रबंधन अपर सचिव ए.ई. अहमद इस मंत्रालय के तथा रेलवे, वाणिज्य एवं विदेश मंत्रालयों, सीमा सुरक्षा बल और पंजाब सरकार के मुख्य सचिव समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में अटारी में एकीकृत सीमा चौकी के विकास तथा रेलवे से जुड़ी अधोसंरचना के विकास की योजना के लिए तत्काल कदम उठाने का फैसला किया गया। अटारी में विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं के विकास, अटारी भू-सीमा शुल्क केन्द्र में मौजूदा सुविधा के उन्नयन, सीमा पर बाड़ लगाने तथा पर्यटन विकास के लिए विभिन्न पहल किए जाने का निर्णय लिया गया।
अधिकारियों ने अटारी और उसके आसपास की सुविधाओं का अवलोकन किया। बैठक के बाद गुप्ता पाकिस्तान के साथ कल होने वाली गृह सचिव स्तर की वार्ता में भाग लेने के लिए अधिकारियों के साथ लाहौर रवाना हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications