ऊर्जा समझौते पर बुधवार को हस्ताक्षर कर सकते हैं वेनेजुएला, रूस
काराकास, 24 नवंबर (आईएएनएस)। वेनेजुएला की सरकारी स्वामित्व वाली तेल कंपनी पेट्रोलीओस डी वेनेजुएला (पीडीवीएसए) एक संयुक्त ऊर्जा सहयोग संघ बनाने के लिए रूसी तेल व गैस कंपनियों के साथ एक रणनीतिक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर करेगी। इस आशय की जानकारी वेनेजुएला के ऊर्जा मंत्री ने सोमवार को दी।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक ऊर्जा मंत्री व पीडीवीएसए के प्रमुख राफील रामीरेज ने कहा है कि इस द्विपक्षीय समझौते पर रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव के वेनेजुएला के दो दिवसीय दौरे के दौरान बुधवार को हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है।
रूसी ऊर्जा कंपनी के अंतर्राष्ट्रीय संपर्क विभाग के प्रमुख स्तानिस्लाव सीगानकोव ने कहा कि संघ में रूस की आधी हिस्सेदारी का नेतृत्व गाजप्रोम करेगी। इसमें सरकारी स्वामित्व वाली तेल कंपनी रोजनेफ्ट, ब्रिटिश-रूसी संयुक्त तेल कंपनी टीएनके-बीपी, साइबेरियाई तेल व गैस उत्पादक कंपनी सरगटनेफ्टगैस व देश में स्वतंत्र रूप से कच्चा तेल उत्पादन करने वाली सबसे बड़ी कंपनी एलयूके आयल शामिल होंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications