नीतीश ने किया 115 पुलों का उद्घाटन
पटना, 24 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 115 पुलों का उदघाटन किया।
मुख्यमंत्री ने सचिवालय के संवाद कक्ष में सरकार के तीन वर्ष पूरा होने पर सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करने के बाद इन सभी पुलों को जनता को समर्पित किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सेतु योजना के तहत इन पुलों के निर्माण से घाटे में चल रहा राज्य पुल निर्माण निगम भी लाभ की स्थिति में आ गया है। उन्होंने कहा कि हमारा स्थायी निर्णय है कि जहां कहीं बाढ़ से सड़क कटे, वहां पुल-पुलियों का निर्माण किया जाए। इससे आवागमन की सुविधा तो बढ़ेगी ही, सड़क के किनारे जलजमाव की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पुल के निर्माण पर 25 लाख रुपए से ज्यादा की लागत आई है। उन्होंने केन्द्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्य के विकास के लिए वे राशि क्या देंगे उनके राष्ट्रीय राजमार्गो की मरम्मत भी राज्य सरकार को करानी पड़ रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications