विरोध प्रदर्शनों के बीच थाई संसद स्थगित (लीड-1)
बैंकाक, 24 नवंबर (आईएएनएस)। थाईलैंड में हजारों सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों द्वारा संसद का घेराव करने के बाद सोमवार को सरकार को दोनों सदनों का संयुक्त अधिवेशन मजबूरन स्थगित करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों में से कुछ हथियारों से लैस थे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सदन के अध्यक्ष चाई चिडचॉब ने सत्र के स्थगन की घोषणा की।
इससे पहले सरकार विरोधी पीपुल्स एलायंस फॉर डेमोक्रेसी (पीएडी) के वरिष्ठ नेता सोंधी लिमथोंगकुल ने स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजे गर्वनमेंट हाउस से संसद तक मार्च की शुरुआत की।
सोंधी ने इसे पीएडी का 'निर्णायक संघर्ष' करार देते हुए बुधवार तक सरकार गिराने का आह्वान किया है। सोंधी ने कहा, "पहले संसद चलो उसके बाद हम सोचेंगे कि हम क्या कर सकते हैं।"
इससे पहले पीएडी ने गत सात अक्टूबर को संसद के लिए मार्च का आयोजन किया था। इस दौरान हुई हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई थी और 400 से अधिक घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications