सिटीग्रुप की मदद करेगी सरकार, विक्रम पंडित को खतरा नहीं (लीड-2)
वाशिंगटन, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी सरकार ने कहा है कि वैश्विक वित्तीय संकट के इस दौर में संकट से गुजर रहे वित्तीय क्षेत्र के समूह सिटीग्रुप की मदद करेगी और नुकसान की गारंटी देगी। साथ ही संकेत मिले हैं कि समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विक्रम पंडित की कुर्सी अब खतरे में नहीं है।
अमेरिका के वित्त मंत्रालय, केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व और फेडरल डिपोजिट इंश्योरेंस कारपोरेशन ने एक संयुक्त वक्तव्य में कहा कि सरकार, मोर्गेज संबंधी संपत्तियों के कारण सिटीग्रुप को हुए भारी नुकसान पर गारंटी देगी। इसके बदले बैंक सरकार को अपने शेयर सौंपेगा।
इसके अतिरिक्त बैंक को 700 अरब डॉलर के वित्तीय पैकेज में से भी 20 अरब डॉलर दिए जाएंगे।
इससे पहले पंडित ने सिटीसमूह के निदेशक मंडल और सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। समाचार एजेंसी सीएनएन के मुताबिक राहत पैकेज के बावजूद सरकार और नियामक संस्थाओं की ओर से सिटीसमूह के प्रबंधन में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं है।
हाल के दिनों में ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही थी भारतीय मूल के विक्रम पंडित को सिटीग्रुप के प्रमुख पद से हटाया जा सकता है। यह भी कहा जा रहा था कि कंपनी अपने चेयरमैन सर विन बिस्कोफ को भी हटाना चाहती है। लेकिन कंपनी ने इन खबरों का खंडन किया है।
रविवार रात हुई सरकारी घोषणा के बाद सोमवार को करोबार के पहले सत्र में समूह के शेयरों में 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
समाचार पत्र 'वाल स्ट्रीज जर्नल' (डब्ल्यूएसजे) के अनुसार पिछले सप्ताह सिटीग्रुप के शेयरों की कीमतों में 60 फीसदी की जबरदस्त गिरावट आई थी और ये 16 वर्षो के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए।
पत्र के अनुसार सरकारी सहायता के बाद बैंक को अपने अधिकारियों में भी बदलाव करना होगा अथवा नहीं, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications