सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजारों का मिलाजुला रुख (राउंडअप)
मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को देश के शेयर बाजारों में कारोबार का रुख मिलाजुला रहा और सेंसेक्स 12 नीचे तथा निफ्टी 15 अंक की हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ।
कारोबार के दौरान ऊर्जा, तेल एवं गैस तथा दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं के शेयरों की लिवाली हुई और इनके सूचकांक में तेजी देखी गई जबकि रियल्टी, बैंकिंग, पूंजीगत वस्तुओं और धातु खंड के सूचकांक में गिरावट दर्ज की गई।
इससे पहले सुबह गिरावट के साथ खुले शेयर बाजारों ने दिन भर लगातार उतारचढ़ाव के बीच कारोबार किया।
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार की तुलना में 74.68 अंकों की गिरावट के साथ 8,840.53 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 12.09 अंक नीचे 8,903.12 पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान इसने 9,042.02 के उच्चतम और 8,701.93 के निम्नतम स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांकों में भी गिरावट का रुख रहा। मिडकैप सूचकांक 14.37 अंकों की गिरावट के साथ 2,902.29 पर और स्मालकैप सूचकांक 26.80 अंक की गिरावट के साथ 3,363.96 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' शुक्रवार के मुकाबले 3.60 अंक की गिरावट के साथ 2,690.85 पर खुला। दिन के कारोबार की समाप्ति पर यह 14.80 अंक की तेजी के साथ 2,708.25 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी ने कारोबार के दौरान 2,740.35 के उच्चतम और 2,633.80 के निम्नतम स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई में कारोबार का रुख नकारात्मक रहा और यहां कुल 1,382 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में कमी आई जबकि महज 1,060 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी दर्ज की गई।
बाजार में आज कुल मिलाकर 57,920.55 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। एनएसई के नकद खंड में 8,500 करोड़ और फ्यूचर्स एंड आप्शंस खंड में 46,218.94 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। बीएसई के नकद खंड में 3,201.61 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इससे पहले शुक्रवार को बाजार भारी बढ़त के साथ बंद हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications