विस चुनाव : मप्र में नोट बांटने के आरोप में सपा उम्मीदवार गिरफ्तार
छतरपुर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में छतरपुर जिले की राजनगर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार दीपेश तिवारी को पुलिस ने नोट बांटने के आरोप में शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। चुनाव आयोग की शिकायत के बाद तिवारी की गिरफ्तरी हुई है।
छतरपुर के पुलिस अधीक्षक श्रीनिवास वर्मा ने बताया कि सपा उम्मीदवार तिवारी पर मतदाताओं को नोट बांटने का आरोप है और इसी मामले में शनिवार की देर रात उनकी गिरफ्तारी की गई।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की सभा के दौरान शुक्रवार को कुछ लोगों द्वारा नोट बांटे गए थे। दरअसल बुंदेलखंड में परंपरा है कि अतिथि के स्वागत में महिलाएं कलश आदि रखकर चलती हैं और अतिथि इन कलश में कुछ पैसे डालते हैं। ऐसा ही कुछ मुलायम सिंह के राजनगर आगमन पर हुआ। इसी के बाद उम्मीदवार पर आरोप लगा कि उन्होंने वोट पाने के लिए नोट बांटे हैं। इतना ही नहीं मामला चुनाव आयोग तक पहुंचा और उम्मीदवार मुसीबत में फंस गए।
वहीं तिवारी का कहना है कि उन्होंने किसी भी तरह से मतदाताओं को खुश करने के लिये नोट नहीं बांटे हैं। इसकी उन्हें जानकारी भी नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications