जेट करेगी तनख्वाहों में कटौती, अनुबंधों का नवीनीकरण नहीं (लीड-1)
नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। देश की अग्रणी हवाई सेवा प्रदाता निजी कंपनी जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल खर्च में कमी व वेतन में कटौती के साथ पायलटों के अनुबंधों का नवीनीकरण नहीं करने के बारे में बातचीत के लिए संभवत: सोमवार को पायलटों, इंजीनियरों और अन्य कर्मचारियों से मिलेंगे।
जेट एयरवेज के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया, "जेट के प्रमुख खर्च में कटौती के लिए कदम उठाने के बारे में सोमवार को पायलटों और अन्य अधिकारियों से मिलेंगे। बैठक के बाद वेतन में कटौती के बारे में घोषणा की जाएगी।"
उन्होंने कहा कि कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के वेतन में 25 फीसदी की कटौती की जाएगी। कंपनी ने बाहरी पायलटों के अनुबंधनों का नवीनीकरण नहीं करने का फैसला किया है।
यद्यपि, जेट की सहयोगी कंपनी जेटलाइट के वरिष्ठ महाप्रबंधक (जनसंपर्क) ए. के. शिवनंदन ने कहा कि उनको इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
यह बैठक उस वक्त होने जा रही है जब कंपनी पहले ही कह चुकी है कि जेट के पास अधिक कर्मचारी हैं वह भारी नुकसान में चल रही है।
इस बीच सूत्रों से जानकारी मिली है कि जेट प्रबंधन को किसी समझौते पर पहुंचने में काफी मुश्किलें आएंगी। क्योंकि पायलट वेतन में कटौती के किसी भी समझौते पर कितना सहमत होंगे यह कहना मुश्किल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications