विस चुनाव : घाटी में मतदान प्रक्रिया में आई तेजी (लीड-3)
श्रीनगर/जम्मू, 23 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में घाटी की दो सीटों और जम्मू क्षेत्र की चार सीटों के लिए रविवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। घाटी में शुरुआत में जहां मतदान प्रक्रिया धीमी रही, वहीं दोपहर 12 बजे से इसमें तेजी देखी गई।
घाटी के गांदरबल विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 12 बजे तक 16 और कंगन में 19 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया। गांदरबल से नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला चुनाव लड़ रहे हैं।
घाटी में एक चुनाव अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि दोपहर 12 बजे के बाद से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गई।
जम्मू क्षेत्र में घाटी की तुलना में मतदान का प्रतिशत अधिक रिकार्ड किया गया। यहां पहले दो घंटे में 11 से 15 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, वहीं दोपहर 12 बजे तक राजौरी में 33, डरहल में 34, नौशेरा में 35 और कलाकोट में 31 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया।
डरहल विधानसभा क्षेत्र के बड़ाडरहल मतदान केंद्र पर नेशनल कांफ्रेंस के समर्थकों और अन्य दलों के समर्थकों के बीच झड़प होने से मतदान प्रक्रिया बाधित हुई। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हवा में गोली भी चलानी पड़ी।
घाटी की दो सीटों के लिए कुल मिलाकर 1,37,560 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां 22 उम्मीदवार मैदान में हैं। जम्मू क्षेत्र के चार विधानसभा क्षेत्रों में 353,457 मतदाता हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता 59 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे।
दूसरे चरण में जिन प्रमुख नेताओं के चुनावी भाग्य का फैसला होना है, उसमें गांदरबल से नेशनल कांफ्रेस के अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के काजी मोहम्मद अफजल और कांग्रेस के शेख मुहम्मद अशफाक शामिल हैं।
गौरतलब है कि राज्य में सात चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 17 नवंबर को मतदान हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications