आईसीएल को लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं आसिफ
कराची, 23 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रतिबंधित तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ इस बात का गलत प्रचार कर रहे हैं कि उन्हें इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) से आकर्षक प्रस्ताव मिला है।
पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' ने पूर्व पाकिस्तानी कप्तान और आईसीएल की लाहौर बादशाह टीम के कोच मोइन खान के करीबी मित्र के हवाले से यह खबर दी है।
पत्र के मुताबिक आईसीएल से प्रस्ताव का प्रचार फैलाकर आसिफ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को ब्लैकमेल कर रहे हैं। सूत्र ने समाचार पत्र को बताया कि आईसीएल का डोपिंग मामले में प्रतिबंधित किसी खिलाड़ी के साथ करार करने का कोई इरादा नहीं है।
बकौल सूत्र, "अगर आईसीएल ने आसिफ के सामने किसी तरह का प्रस्ताव रखा होता तो वह मोइन के माध्यम से मिला होता लेकिन इस संबंध में मोइन को कोई जानकारी नहीं है। आसिफ तो पीसीबी को ब्लैकमेल करके प्रतिबंध से निकलना चाहते हैं और इसीलिए वे इस तरह का दुष्प्रचार कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications