विस चुनाव : कुछ पार्टियां आतंक को धर्म से जोड़ रहीं : सोनिया (लीड-1)
नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस को तीसरी बार सत्ता दिलाने के लिए एक चुनावी सभा में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, लेकिन कुछ पार्टियां विभाजित करने वाली राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए इसे धर्म से जोड़ रही हैं।
राजधानी में चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए सोनिया ने कहा, "ऐसी पार्टियां किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना चाहती हैं।" दिल्ली विधानसभा के लिए 29 नवंबर से होने वाले चुनाव से पहले एक जनसभा में सोनिया ने हालांकि किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया।
उन्होंने उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली के रामलीला मैदान में कहा कि देश के सामने आतंकवाद और सांप्रदायिकता दो सबसे बड़ी चुनौती है। आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता और उसका एक मात्र मकसद समाज में आतंक और भय पैदा करना होता है।
सोनिया ने कहा कि भाजपा अपने लिए सरकार बनाना चाहती है जबकि उनकी पार्टी इन चुनौतियों से लड़ने और विकास के कामों को जारी रखने के लिए सत्ता चाहती है।
सोनिया ने कहा कि राजधानी में कांग्रेस की सफलता का ही प्रमाण है कि शीला दीक्षित लगातार दस वर्षो से मुख्यमंत्री है, जबकि इससे पहले भाजपा ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में तीन-तीन मुख्यमंत्री बदले।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications