मथुरा में थाना प्रभारी ने एक युवक को गोली मारी
मथुरा, 23 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के मथुरा जिले में रविवार को एक थाना प्रभारी ने कथित रूप से चोरी के आरोपी युवक को अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मार दी। घायल युवक को आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी को फिलहाल निलंबित कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोतवाली के निकट स्थित एक दुकान से अकरम (25) चोरी करके भाग रहा था लेकिन जैसे ही वह कोतवाली के पास से गुजरा वहां मौजूद कोतवाली प्रभारी महेश गौतम ने बगैर मामला समझ्झे उस पर गोली चला दी। गोली अकरम के पेट में लगी है।
लेकिन क्षेत्राधिकारी (शहर) संजय कुमार ने आईएएनएस से चर्चा करते हुए सफाई दी कि अकरम को थाना प्रभारी महेश गौतम ने पकड़ लिया था और जब उसने छूटकर भागने की कोशिश की तो दोनों के बीच झूमाझटकी हुई, जिसमें थाना प्रभारी से गोली चल गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद अकरम को आगरा के कामायनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल थाना प्रभारी को निलंबित कर घटना की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications