डेविस कप फाइनल : युगल मैच जीतकर स्पेन ने बढ़त बनाई
मार डेल प्लाटा (अर्जेंटीना), 23 नवंबर (आईएएनएस)। स्पेन ने युगल मुकाबला जीतकर डेविस कप टेनिस फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना पर 2-1 की बढ़त बना ली है।
खेल वेबसाइट 'यूरोस्पोर्ट डॉट कॉम' के मुताबिक शनिवार को खेले गए युगल मुकाबले में फर्नाडो वर्दास्को और फेलिसियानो लोपोज की जोड़ी ने डेविड नेलबैंडियन और अगस्टिन कालेरी की जोड़ी को पराजित किया।
वर्दास्को और लोपोज ने तीन घंटे 19 मिनट तक चला यह मुकाबला 5-7, 7-5, 7-6 से जीतकर अपनी टीम को महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी।
इससे पहले, लोपेज के शानदार खेल की बदौलत स्पेन ने शुक्रवार को 1-1 की बराबरी कर ली थी। लोपेज ने अर्जेटीना के खिलाड़ी जुआन डेल पोटरो को चार सेट तक चले मैराथन मुकाबले में 4-6, 7-6 (7-2), 7-6 (7-4), 6-3 से हराया था।
मार डेल प्लाटा में जन्मे स्टार खिलाड़ी नेलबैंडियन ने शुरुआती मुकाबले में स्पेन के दिग्गज खिलाड़ी डेविड फेरर को 6-3, 6-2, 6-3 से पराजित कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी थी।
अर्जेटीना तीसरी बार डेविस कप खिताब जीतना चाहता है। 1981 में उसे अमेरिका ने खिताबी मुकाबले में हराया था जबकि 2006 में उसे रूस ने पटखनी दी थी। स्पेन ने 2004 में यह खिताब जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications