विस चुनाव : मिजोरम में डाक के जरिए मतदान करेंगे आदिवासी शरणार्थी
आइजोल, 23 नवंबर (आईएएनएस)। पड़ोसी राज्य त्रिपुरा में शरण लिए लगभग 8,000 रिआंग आदिवासी अगले सप्ताह होने वाले मिजोरम विधानसभा चुनावों में डाक के जरिए मतदान कर सकेंगे। यह जानकारी अधिकारिक सूत्रों ने रविवार को दी।
चुनाव आयोग द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि उत्तरी त्रिपुरा के 6 शिविरों तथा मिजोरम के 2 शिविरों में रहने वाले रिआंग आदिवासी डाक के जरिए 26 व 27 नवंबर को मतदान कर सकते हैं।
मिजोरम ब्रू डिस्प्लेस्ड पीपुल्स फोरम (एमबीडीपीएफ) के अध्यक्ष एल्विस चोर्खी ने कहा "हम चुनाव आयोग के इस निर्णय का स्वागत करते हैं और चाहते हैं कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें।''
बहुसंख्यक मिजो जाति के साथ हुए जातीय टकराव के बाद लगभग 35,000 रिआंगआदिवासी पिछले 11 सालों से त्रिपुरा के 6 शिविरों में शरण लिए हुए हैं।
रिआंग आदिवासियों ने दक्षिणी व पूर्वी मिजोरम के मामित, कोलासिब व लंगली जिलों में अपने तीन प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं, ताकि विधानसभा में उनके भी प्रतिनिधि पहुंच सकें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications