बेंगलुरू एकदिवसीय मैच : फिर आई बारिश, खेल रुका (लीड-4)

बेंगलुरू, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रविवार को खेले जा रहे दिन-रात के एकदिवसीय मुकाबले का खेल बारिश के कारण दूसरी बार रोकना पड़ा है।

लगभग सवा तीन बजे आई बारिश के कारण खेल दो घंटे से भी अधिक समय तक रुका रहा था। बारिश के कारण हुई समय की बर्बादी की भरपाई के लिए मैच को 44-44 ओवरों तक सीमित कर दिया गया।

भारतीय समयानुसार लगभग 5.50 बजे खेल शुरू हुआ था, लेकिन 15 मिनट के खेल के बाद ही बारिश फिर से आ धमकी।

दूसरी बार खेल रोके जाने तक भारत ने 17 ओवर में एक विकेट खोकर 106 रन बनाए थे। सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग 53 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर नाबाद थे जबकि गौतम गंभीर 28 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 30 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।

भारत का एकमात्र विकेट मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के रूप में गिरा था। आठ महीने बाद एकदिवसीय मैच खेल रहे तेंदुलकर 11 रन बनाकर स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर बोल्ड हो गए। उस समय भारत ने 7.5 ओवर में 38 रन बनाए थे।

इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मैच के साथ तेंदुलकर, रोहित शर्मा के स्थान पर टीम में लौटे। रोहित पिछली तीन पारियों में बुरी तरह नाकाम रहे थे।

दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम ने एक बार फिर इयान बेल और मैट प्रायर की सलामी जोड़ी पर ही भरोसा जताया। ओवेश शाह तीसरे, कप्तान केविन पीटरसन चौथे और कानपुर में पारी शुरू करने वाले रवि बोपरा आठवें क्रम पर बल्लेबाजी करेंगे।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं :

भारत : वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, सुरेश रैना, महेंद्रसिंह धोनी, यूसुफ पठान, हरभजन सिंह, जहीर खान, ईशांत शर्मा और मुनाफ पटेल।

इंग्लैंड : मैट प्रायर, इयान बेल, ओवेश शाह, केविन पीटरसन, पॉल कोलिंगवुड, एंड्रयू फ्लिंटॉफ, समित पटेल, रवि बोपरा, स्टुअर्ट ब्रॉड, ग्रीम स्वान और जेम्स एंडरसन।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+