मानवाधिकार प्रस्ताव पर कनाडा और ईरान में ठनी
टोरंटो, 23 नवंबर (आईएएनएस)। ईरान ने उसके यहां मानवाधिकार को लेकर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव पर अपनी आपत्ति जाहिर की है तो इस प्रस्ताव के प्रस्तावक कनाडा ने इसे मानवाधिकार हनन के शिकार ईरानी लोगों के समर्थन में संदेश करार दिया है।
दरअसल कनाडा द्वारा पेश और 41 देशों द्वारा समर्थित इस प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र में शुक्रवार को 51 के मुकाबले 70 मतों से पारित कर दिया गया। 60 देश मतदान से अनुपस्थित रहे।
प्रस्ताव में ईरान से आग्रह किया गया है कि वह अपने यहां दी जाने वाली प्रताड़नाओं, सांस्कृतिक, धार्मिक और भाषायी आधार पर किए जाने वाले भेदभाव तथा मानवाधिकार व महिला अधिकार कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न पर लगाम लगाए।
कनाडा के विदेश मंत्री लॉरेंस कैनन ने कहा कि प्रस्ताव के पारित होने साफ है कि ईरान में मानवाधिकार को लेकर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय बेहद चिंतित है।
उधर, ईरान ने इस प्रस्ताव को तैयार करने और इसको पेश करने के लिए कनाडा की आलोचना की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications