हिमाचल वर्ष 2010 तक 'खुले में शौचमुक्त' राज्य बनेगा : धूमल
शिमला, 22 नवंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2010 तक खुले में शौचमुक्त राज्य बनाया जाएगा तथा इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए राज्य के प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा। प्रदेश में पर्यावरण विरोधी गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाकर क्षेत्र में परिस्थितिकीय संतुलन एवं पर्यावरण संरक्षण को सुनिश्चित बनाया जाएगा।
यह जानकारी मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने शनिवार को कुल्लू जिले के मनाली में नवनिर्मित स्कूल ऑडिटोरियम का लोकार्पण करने के बाद अनिता महाजन सरस्वती विद्या मंदिर, रांगड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य को पूर्ण रूप से खुले में शौच मुक्त प्रदेश बनाने के उद्देश्य से महत्वाकांक्षी सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान आरंभ किया है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर जागरूक नागरिक का सक्रिय योगदान अनिवार्य है, जिसे जन भागीदारी के सहयोग के बिना सफल बनाया जाना असंभव है।
उन्होंने कहा कि प्रकृति ने हिमाचल प्रदेश को अपार प्राकृतिक सौंदर्य एवं बहुमूल्य संपदाओं से नवाजा है, जिन्हें मानवता के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए हर कीमत पर संरक्षित रखा जाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications