अपनी कामयाबी से खुश हैं ब्रेट ली
ब्रिसबेन, 22 नवंबर (आईएएनएस)। टेस्ट मैचों में तीन सौ विकेट पूरे करने वाले आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज ब्रेट ली अपनी कामयाबी से खुश हैं।
'फॉक्स स्पोर्ट्स' ने ली के हवाले से लिखा है, "एक साल पहले मैं अपने करियर को लेकर काफी आशंकित हो गया था लेकिन अब मैं अपने खेल का लुत्फ उठा रहा हूं।"
दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में एक ली ने कहा कि वे अपनी फिटनेस के स्तर से भी खुश हैं। बकौल ली, "कोहनी और टखने का ऑपरेशन कराने के बाद कोई सोच भी नहीं सकता था मैं इतने लंबे समय तक खेलने में सफल रहूंगा। मैंने खुद को साबित कर दिया है। इस लिहाज से मैं बेहद खुश हूं।"
ली ने स्वीकार किया कि हाल ही में संपन्न भारत दौरा उनके लिए काफी कठिन रहा है। उन्होंने कहा, "यह सही है कि भारत दौरे में हमारे तेज गेंदबाजों ने संघर्ष किया। मेरा भी यही हाल रहा, यह स्वीकार करने में मुझे कोई हर्ज नहीं। लेकिन अब मैं उस हालात से उबर चुका हूं और आगे की ओर देख रहा हूं।"
ली ने न्यूजीलैंड के साथ गाबा क्रिकेट मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार के खेल के दौरान टेस्ट मैचों में 300 विकेट पूरे किए।
यह मुकाम हासिल करने वाले वे दुनिया के 23वें और आस्ट्रेलिया के चौथे गेंदबाज हैं। आस्ट्रेलिया की ओर से इससे पहले शेन वार्न ने 708 विकेट, ग्लेन मैक्ग्राथ ने 563 विकेट और डेनिल लिली ने 355 विकेट लिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications