अमेरिका ने 36 वर्षो में पहली बार लीबिया में राजदूत भेजा
वाशिंगटन, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी सीनेट ने 36 वर्षो में पहली बार लीबिया में अमेरिकी राजदूत भेजने को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। कभी शत्रु रहे दोनों देशों के सुधरते संबंधों का यह सबसे बड़ा प्रमाण है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता सीन मैक्कारमेक ने सीनेट की स्वीकृति पर शुक्रवार को प्रसन्नता जाहिर की।
सीनेट ने गुरुवार रात जेन कर्ट्ज को लीबिया में राजदूत नियुक्त करने पर सहमति दी है। उनका कार्यकाल काफी कम रहने की संभावना है क्योंकि जनवरी में कार्यभार संभालने के बाद बराक ओबामा किसी भी राजदूत को बदल सकते हैं।
अमेरिका के लीबिया के साथ रिश्ते वर्ष 2003 में सुधरने आरंभ हुए थे, जब लीबियाई नेता कर्नल मुअम्मर गद्दाफी ने आतंकवाद की निंदा करते हुए सामूहिक विनाश के हथियारों को त्यागने का फैसला किया। अमेरिका ने वर्ष 2006 में लीबिया का नाम आतंकवादी देशों की काली सूची से हटाने के साथ ही राजनयिक संबंधों को फिर स्थापित किया।
इस महीने के आरंभ में लीबिया ने स्काटलैंड के लाकरबी के ऊपर 1988 में पैन अमेरिकन विमान में हुए बम विस्फोट के पीड़ितों के मुआवजे के लिए 1.5 अरब डॉलर की राशि दी थी।
अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलिजा राइस ने सितम्बर में लीबिया की यात्रा करके गद्दाफी से मुलाकात की थी। वर्ष 1957 के बाद से किसी अमेरिकी विदेशमंत्री की यह पहली लीबिया यात्रा थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications