इस सप्ताह सेंसेक्स में 5.01 प्रतिशत की गिरावट (साप्ताहिक समीक्षा)
मुबंई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय शेयर बाजारों में इस सप्ताह भी गिरावट का दौर जारी रहा और सेंसेक्स पिछले सप्ताह की तुलना में 5.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9,000 के नीचे बंद हुआ।
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' 470.21 अंकों (5.01 प्रतिशत) की गिरावट के साथ शुक्रवार को 8,915.21 पर बंद हुआ। पिछले हफ्ते सेंसेक्स 9,385.42 पर बंद हुआ था।
इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) 50 शेयरों पर आधारित सूचकांक 'निफ्टी' भी इस सप्ताह 116.9 अंकों (4.34 प्रतिशत) की गिरावट के बाद 2,693.45 पर बंद हुआ। इसके पिछले सप्ताह में निफ्टी 2,810.35 पर बंद हुआ था।
बीएसई का मिडकैप सूचकांक भी 299.42 अंकों (9.94 प्रतिशत) की गिरावट के बाद शुक्रवार को 2,916.66 पर बंद हुआ। बीएसई का स्मालकैप सूचकांक 374.29 अंकों (9.94 प्रतिशत) की गिरावट के बाद 3,390.76 पर बंद हुआ।
प्रधानमंत्री के इस आश्वासन कि भारत न केवल वैश्विक आर्थिक संकट से उबरने में सक्षम है वरन वह आठ प्रतिशत की विकास दर बनाए रखने में भी सक्षम है, के बाद शुक्रवार को शेयर बाजारों में तेजी देखी गई।
मनमोहन सिंह के इस बयान के बाद शुक्रवार को सेंसेक्स 464.20 अंकों (5.49 फीसदी) और निफ्टी 140.3 अंकों (5.5 प्रतिशत) की बढ़त के साथ क्रमश: 8,915.21 और 2,693.45 पर बंद हुए। इसके अलावा सप्ताह के बाकी सभी दिनों में कारोबार में गिरावट दर्ज हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*