ब्लेयर ने भारत, ब्रिटेन को भविष्य की ओर बढ़ने की नसीहत दी
नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने शनिवार को कहा कि भारत व ब्रिटेन को अतीत से निकल कर भविष्य की ओर बढ़ने की जरूरत है।
'वैश्विक दुनिया में नेतृत्व' विषय पर आयोजित एचटी लीडरशिप समिट को संबोधित करते हुए ब्लेयर ने कहा, "हम दोनों अतीत में नहीं जी सकते। भविष्य की दृष्टि से देखें तो ब्रिटेन के पुराने दिन भारत के नए दिनों से कम रोचक रहे।'' उन्होंने कहा कि इन नए दिनों में ब्रिटेन भी अपनी जगह तलाश रहा था।
ब्लेयर ने कहा, "आज ब्रिटेन 6 करोड़ लोगों का एक छोटा द्वीप कहा जाने लगा है। ऐसे में जबकि हमें पता है कि भारत और चीन आगामी 50 सालों के भीतर यूरोप और अमेरिका से बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे और इन दोनों देशों की अलग-अलग आबादी अमेरिका और यूरोप की कुल आबादी से भी अधिक होगी, हमें इस समय से होकर निकलने वाले अपने रास्ते के बारे में सोचना चाहिए।''
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications