कश्मीर हिंसा में 2 की मौत, जांच के आदेश (लीड-3)
श्रीनगर, 22 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव का विरोध कर रहे अलगाववादी प्रदर्शनकारियों पर शनिवार को पुलिस और अर्धसैनिक बलों द्वारा की गई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए।
प्रदर्शनकारियों की मौत के बाद व्यापक स्तर पर इसका विरोध हुआ और इसके खिलाफ प्रदर्शन भी हुए। इसके बाद सरकार ने मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
घटना कश्मीर के बारामूला में हुई जहां अगले 7 दिसंबर को चुनाव निर्धारित है।
एक चिकित्सक ने आईएएनएस को बताया कि गंभीर रूप से 10 घायलों को हमने श्रीनगर अस्पताल में रेफर कर दिया है। उधर, एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा, "पूरे मामले की जांच बारामूला के अतिरिक्त जिलाधिकारी करेंगे, जहां यह घटना हुई है।"
पुलिस के मुताबिक उत्तर कश्मीर में बारामूला कस्बे के खानपोरा इलाके में कांग्रेस उम्मीदवार मीर मुश्ताक के सुरक्षाकर्मियों द्वारा की गई गोलीबारी में मंजूर अहमद कुमार नाम के एक लड़के की मौत हो गई। वह 10वीं कक्षा का छात्र था।
मंजूर के शव को लेकर प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकाला और इस दौरान अर्धसैनिक बलों द्वारा की गई गोलीबारी में दो व्यक्ति घायल हो गए। घायलों में तनवीर अहमद शेख की अस्पताल में मौत हो गई।
गौरतलब है कि शुक्रवार को चुनाव विरोधी प्रदर्शनों के बाद बारामूला में कर्फ्यू लगा दिया गया था। यहां सात दिसंबर को मतदान होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications