गाबा टेस्ट : न्यूजीलैंड पर हार का संकट
ब्रिसबेन, 22 नवंबर (आईएएनएस)। गाबा क्रिकेट मैदान पर आस्ट्रेलिया के साथ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम पर हार का संकट मंडराने लगा है।
मैच के तीसरे दिन शनिवार को आस्ट्रेलिया ने सलामी बल्लेबाज साइमन कैटिच के शानदार नाबाद शतक की बदौलत अपनी दूसरी पारी में 268 रन बनाकर न्यूजीलैंड के सामने 327 रनों का लक्ष्य रखा।
जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 143 रन पर छह विकेट गंवा दिए।
न्यूजीलैंड की ओर रॉस टेलर एकमात्र उम्मीद हैं। वे 101 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 67 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि कप्तान डेनियल विटोरी ने अब तक खाता नहीं खोला है।
न्यूजीलैंड के लिए यह टेस्ट मैच जीतना काफी कठिन दिख रहा है क्योंकि लक्ष्य उससे अभी भी 184 रन दूर है और उसके सिर्फ दो विशेषज्ञ बल्लेबाज बचे हुए हैं। न्यूजीलैंड ने 1985 के बाद से आस्ट्रेलिया में एक भी टेस्ट नहीं जीता है।
आस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज स्टुअर्ट क्लार्क ने तीन विकेट लिए हैं जबकि मिशेल जानसन के खाते में दो विकेट आए हैं।
ब्रेट ली को भी एक विकेट मिला है। इसी की मदद से ली ने टेस्ट मैचों में 300 विकेट पूरे कर लिए हैं। यह मुकाम हासिल करने वाले वे आस्ट्रेलिया के चौथे और दुनिया के 23वें गेंदबाज हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications