यूरोपीय संसद के अध्यक्ष ने हिंदू पुजारी को आमंत्रित किया
न्यूयार्क, 22 नवंबर (आईएएनएस)। पिछले वर्ष अमेरिकी सीनेट में हिंदू प्रार्थना का पाठ कर इतिहास रचने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी हिंदू पुजारी राजन जेद को यूरोपीय संसद के अध्यक्ष हेंस-गर्ट पोटरिंग ने बहुधार्मिक चर्चा में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।
यूनिवर्सल सोसायटी ऑफ हिंदुइज्म के अध्यक्ष जेद ने एक बयान में कहा कि पोटरिंग से उनकी मुलाकात 10 दिसंबर को ब्रसेल्स में होगी।
यूरोपीय संसद इस वर्ष को अन्तर-सांस्कृतिक संवाद वर्ष के रूप में मना रही है। इसके तहत दुनिया के कई हिस्सों के धार्मिक नेता यूरोपीय संसद में आएंगे और नेताओं के साथ भेंट करेंगे।
जेद ने कहा कि वे हिंदू धर्म से संबंधित मुद्दों पर पोटरिंग के साथ चर्चा करने के अलावा अन्तर-धार्मिक संवाद में हिस्सा लेंगे। वे 27 देशों की 785 सदस्यों वाली यूरोपीय संसद के अन्य नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
गौरतलब है कि जेद अमेरिका के कई राज्यों की विधानसभाओं में हिंदू प्रार्थनाओं का पाठ कर चुके हैं।
इंडो-एशिया न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications