25 लाख नौकरियों के सृजन के लिए आर्थिक उपचार योजना लाएंगे ओबामा
वाशिंगटन, 22 नवंबर (आईएएनएस)। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक रेडियो संबोधन में कहा है कि कुर्सी संभालने के तत्काल बाद वह वर्ष 2011 के जनवरी महीने तक 25 लाख नौकरियों के सृजन के लिए एक आर्थिक उपचार योजना पर हस्ताक्षर करेंगे।
ओबामा ने डेमोक्रेटिक पार्टी के पारंपरिक रेडियो संबोधन में शनिवार को कहा "हम अपनी टूटी सड़कों व पुलों की मरम्मत, स्कूलों के आधुनिकीकरण, पवन चक्की व सोलर पैनल बनाने, ईंधन संपन्न कारें व वैकल्पिक ऊर्जा प्रौद्योगिकी तैयार करने, जो कि हमें विदेशी तेलों की निर्भरता से मुक्त कर सके और हमारी अर्थव्यवस्था को आने वाले वर्षो में मजबूत बनाए रखें, जैसे तमाम कामों में लोगों को लगाएंगे।''
ओबामा ने इसे देश के आर्थिक भविष्य में किए जाने वाला दीर्घकालिक निवेश बताया।
ज्ञात हो कि अमेरिका में पिछले सप्ताह बेरोजगारी के 540,000 अतिरिक्त दावे दाखिल किए गए। यह संख्या पिछले 18 वर्षो के दौरान सबसे ऊंची बताई गई है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था ने इस वर्ष 12 लाख लोगों को बेरोजगार बना दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications