पाकिस्तान दक्षिण एशियाई गैर परमाणु संधि के लिए तैयार : जरदारी
नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के परमाणु सिद्धांत में एक क्रांतिकारी बदलाव का संकेत देते हुए राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि उनका देश कभी भी परमाणु हथियारों का प्रथम इस्तेमाल नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने दक्षिण एशियाई गैर परमाणु संधि के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया।
जरदारी यहां शनिवार को आयोजित हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट को इस्लामाबाद से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे।
यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान परमाणु हथियारों के प्रथम इस्तेमाल न करने की नीति अपनाएगा, जरदारी ने कहा "मैं परमाणु युद्ध के बिल्कुल खिलाफ हूं।''
उन्होंने कहा "मुझे उम्मीद है कि हम इस स्थिति(परमाणु हथियारों के इस्तेमाल) में कभी नहीं पहुंचेंगे। मैं एक दक्षिण एशियाई गैर परमाणु संधि के पक्ष में हूं।''
जरदारी ने सवाल किया "मैं अपनी संसद को इसके लिए तैयार कर सकता हूं। लेकिन क्या आप(भारत) अपनी संसद को इसके लिए तैयार कर सकते हैं?''
ज्ञात हो कि भारत व पाकिस्तान दोनों परमाणु हथियार संपन्न देश हैं। भारत ने वर्ष 1998 में परमाणु परीक्षण के बाद परमाणु हथियारों के प्रथम इस्तेमाल न करने की नीति की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications