मनमोहन सरकार में कम हुए हैं आतंकवादी हमले: शिवराज पाटिल (लीड-1)
नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने कहा है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान पहले की अपेक्षा कम आतंकवादी हमले हुए।
उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद से लड़ने के लिए खुफिया तंत्र को मजबूत करने के साथ ही समन्वित दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है।
पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए पाटिल ने कहा, "पिछले साढ़े चार वर्षो के दौरान आतंकवादी वारदातें कम हुई हैं। अगर कोई आतंकवादी घटना होती है और उसमें एक भी व्यक्ति हताहत होता है तो हमें उसे गंभीरता से लेना चाहिए और सजग हो जाना चाहिए।"
आतंकवाद निरोधक अधिनियम (पोटा) को निरस्त किए जाने के बारे में पाटिल ने कहा कि यह कानून अपने मूलभूत उद्देश्यों से दूर हो गया था।
गौरतलब है कि गृह मंत्री का यह बयान उस समय आया है, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संप्रग सरकार पर यह आरोप लगाकर हमले कर रही है कि उसके कार्यकाल में आतंकवादी घटनाओं में इजाफा हुआ और देश में आतंकवाद से निपटने के लिए कोई कानून नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications