गिब्स और नेल दक्षिण अफ्रीकी टीम से बाहर
जोहांसबर्ग, 22 नवंबर (आईएएनएस)। धुरंधर बल्लेबाज हर्शेल गिब्स और तेज गेंदबाज आंद्रे नेल को दिसंबर में शुरू हो रहे आस्ट्रेलिया दौरे के लिए दक्षिण अफ्रीकी टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया है।
तीन टेस्ट मैचों की श्रंखला के लिए चयनित 13 सदस्यीय टीम में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज लोनवाबो सोतोसोबी को मौका दिया गया है। सोतोसोबी ने अभी तक एक भी टेस्ट नहीं खेला है।
इसके अलावा बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज रॉबिन पीटरसन को भी टीम में शामिल किया है। पीटरसन को पॉल हैरिस के बैकअप के तौर पर मौका दिया गया है।
गिब्स को टीम का अनुशासन भंग करने के आरोप में बांग्लादेश के साथ जारी श्रंखला के लिए टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद गिब्स को दक्षिण अफ्रीकी बोर्ड की ओर से नशामुक्ति केंद्र भेज दिया गया।
दूसरी ओर, कुछ समय पहले अपने घुटने का ऑपरेशन कराने वाले नेल को बांग्लादेश के साथ जारी टेस्ट और एकदिवसीय श्रंखला के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था।
दक्षिण अफ्रीकी टीम इस प्रकार है : नील मैकेंजी, ग्रीम स्मिथ (कप्तान), हाशिम अमला, जैक्स कैलिस, एश्वेल प्रिंस, ए.वी. डिविलियर्स, मार्क बाउचर, जे.पी. डुमिनी, पॉल हैरिस, मोर्न मोर्कल, मखाया एंटिनी, रॉबिन पीटरसन, डेल स्टेन, लोनवाबो सोतोसोबी और मोंडे जोडेंकी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications