बिहार के सोनपुर मेले में विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि
पटना, 22 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के सोनपुर में लगने वाले प्रसिद्ध मेले में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है।
मेले के पहले सप्ताह में ही पर्यटन विभाग द्वारा मेला परिसर में बनाए गए 'पर्यटन ग्राम' पहुंचने वाले विदेशी सैलानियों की संख्या 40 पार कर चुकी है। अब तक वियतनाम के 10, जापान के नौ, फ्रांस के 12, अमेरिका के चार, आस्ट्रेलिया के तीन तथा इटली और हॉलैंड के एक-एक सैलानी मेले का भ्रमण कर चुके हैं।
वर्ष 2007 में 40 तथा 2006 में 16 विदेशी पर्यटक ही सोनपुर मेले में पहुंचे थे। विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्घि को देख पर्यटन विभाग भी उत्साहित है। राज्य के पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव रश्मि वर्मा का कहना है कि राज्य में विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए उन्हें सभी सुविधाएं दी जा रही हैं।
उधर, सोनपुर के पर्यटन ग्राम के प्रभारी अजय कुमार ने आईएएनएस से कहा, "सोनपुर के पर्यटन ग्राम में ग्रामीण माहौल को जीवंत बनाने के लिए झोपड़ीनुमा कॉटेज बनाए गए हैं, जिसमें पर्यटकों को इंटरनेट सहित सारी सुविधाएं दी जा रही हैं।"
विदेशी पर्यटक यहां ग्रामीण परिवेश को नजदीक से देखकर रोमांचित हो रहे हैं। उन्हें यहां का हरिहरनाथ मंदिर, पशु बाजार, गंडक नदी में नौकायन तथा हाथी पर सैर करना काफी भा रहा है। मेले में जापान से पहुंची पर्यटक ट्रेरेवल ने कहा कि यहां के पशु बाजार और हाथी की सैर से वे अभिभूत हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications