आईएमबी ने अदन की खाड़ी में भारतीय पहल का स्वागत किया
दीपांकर डे सरकार
दीपांकर डे सरकार
लंदन, 22 नवंबर (आईएएनएस)। समुद्र में लूट-पाट संबंधी घटनाओं की निगरानी करने वाली एकमात्र संस्था इंटरनेशनल मैरीटाइम ब्यूरो (आईएमबी) ने उन खबरों का स्वागत किया है जिनमें कहा गया है कि अदन की खाड़ी में गश्त के लिए भारतीय नौसेना अतिरिक्त युद्धपोतों की तैनाती की योजना बना रही है।
लंदन स्थित आईएमबी के प्रबंधक साइरस मोदी ने कहा "यह वाकई में स्वागत योग्य कदम है। हम सिर्फ युद्धपोतों की तैनाती का ही स्वागत नहीं करते, बल्कि भारतीय नौसेना की कार्रवाई का भी स्वागत करते हैं।''
उल्लेखनीय है कि भारतीय नौसेना अदन की खाड़ी में अपनी उपस्थिति मजबूत बनाने के लिए कई प्रस्तावों पर विचार कर रही है। इस समुद्री रास्ते से कम-से-कम एक भारतीय पोत हर रोज गुजरता है।
हालांकि जहाजरानी मंत्रालय के पास पहले से चार युद्धपोतों की तैनाती का प्रस्ताव है, लेकिन नौसेना इसके साथ मिसाइल विध्वंसक पोत आईएनएस मैसूर भी इस क्षेत्र में तैनात करने पर विचार कर रही है।
दिल्ली में नौसेना के अधिकारियों के अनुसार जिस भारतीय युद्धपोत आईएनएस तबर ने हाल में सोमाइलियाई लुटेरों के पोत को नष्ट किया था, उसकी जगह अब आईएनएस मैसूर तैनात किया सकता है।
यह भी खबर है कि भारत अदन की खाड़ी में हवाई निगरानी भी बढ़ाने पर विचार कर रहा है।
आईएमबी अधिकारियों ने लंदन में कहा कि भारतीय नौसेना की भारी उपस्थिति इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में मददगार साबित होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications