भारत, चीन के साथ मजबूत संबंध बुश की प्रमुख विरासत
अरुण कुमार
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 22 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्वी एशिया और चीन के उदय से वाकिफ अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने भारत, चीन और क्षेत्र की अन्य बड़ी शक्तियों के साथ मजबूत संबंध कायम किए। उनके एक वरिष्ठ सहायक के अनुसार यही उनके प्रशासन की सबसे बड़ी देन है।
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के एशियाई मामलों के वरिष्ठ निदेशक डेनिस विल्डर ने शुक्रवार को कहा, "जब इतिहासकार दुनिया में पिछले आठ वर्षो में हुए महत्वपूर्ण बदलावों के देखेंगे तो उनमें पूर्वी एशिया और चीन का उदय प्रमुख होगा।"
बुश के एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक)शिखर बैठक में शामिल होने के लिए पेरूकी राजधानी लीमा जाते समय विशेष विमान एयर फोर्स वन में विल्डर ने संवाददाताओं से कहा कि लोग यह भी अवश्य देखेंगे कि बुश को इस बदलाव की पूरी जानकारी थी और वे इन देशों से रिश्ते सुधार कर लाभ हासिल करना चाहते थे।
व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर जारी विल्डर के बयान के अनुसार विदेशमंत्री कोंडोलिजा राइस का कहना उचित है कि पूर्वी एशिया के साथ आज हमारे संबंध बहुत अच्छी स्थिति में हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्वी एशिया की सभी बड़ी ताकतों जैसे भारत, जापान, चीन, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड के साथ अब अमेरिका के मजबूत रिश्ते हैं। इससे पहले अमेरिकी इतिहास में इस क्षेत्र के साथ संबंध कभी इतने बेहतर नहीं थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications