विस चुनाव : राजनाथ ने कहा, कांग्रेस ने आतंकवाद को भी मजहबी बना दिया
इंदौर, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर आतंकवाद को मजहबी रंग देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने आतंकवाद को कभी भी धर्म और मजहब से नहीं जोड़ा मगर वोटों की राजनीति के लिए कांग्रेस ने आतंकवाद को हिन्दू और मुस्लिम आतंकवाद का नाम दे दिया है।
मध्यप्रदेश में चुनावी सभाओं को संबोधित करने गुरुवार को इंदौर पहुंचे राजनाथ सिंह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आतंकवाद तो आतंकवाद होता है। उसका किसी धर्म और मजहब से कोई लेना देना नहीं होता। भाजपा ने कभी भी आतंकवाद को धर्म से नहीं जोड़ा मगर कांग्रेस ऐसा कर रही है।
महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त करने से साफ इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इस कार्रवाई के पीछे राजनैतिक षडयंत्र की बू जरूर आती है। उन्होंने कहा कि वे किसी जांच के खिलाफ नहीं हैं परंतु बगैर पुख्ता सबूतों के किसी को भी बदनाम करने के खिलाफ हैं। उन्होंने सवाल किया कि दिल्ली के बाटला हाउस में हुई मुठभेड़ को कांग्रेस के ही सहयोगियों द्वारा फर्जी करार दिया जाना कहां तक सही था।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि इस सरकार की बड़ी असफलताओं में से एक वैश्विक आर्थिक मंदी को न समझ पाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित तीन-तीन वित्त विशेषज्ञ इस सरकार में हैं और वे आर्थिक मंदी का आकलन नहीं कर पाए। यह इस सरकार की सबसे बड़ी असफलताओं में से एक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।