भारत ने कोलंबो में रेडक्रास को सौंपी राहत सामग्री
कोलंबो, 20 नवंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त आलोक प्रसाद ने यहां के उत्तरी हिस्सों में जारी संघर्ष की वजह से बेघर हुए नागरिकों के लिए भारत से भेजी गई राहत सामग्री की पहली खेप गुरुवार को औपचारिक रूप से अंतर्राष्ट्रीय रेडक्रास समिति (आईसीआरसी) के हवाले की।
प्रसाद ने श्रीलंका में आईसीआरसी के प्रमुख पॉल कॉस्ला को यह सामग्री सौंपते हुए आशा व्यक्त की कि इससे संघर्ष से प्रभावित जनता की मानवीय जरूरते पूरी हो सकेंगी।
प्रसाद ने बताया कि भारत की ओर से भेजी गई सहायता सामग्री में खाद्यान्न, कपड़े और निजी स्वच्छता से जुड़ी वस्तुएं हैं। 80,000 परिवारों में इस सामग्री को वितरित करने के लिए अलग-अलग पैकेट तैयार कराए गए हैं।
सौ कंटेनरों में करीब 1,680 टन राहत सामग्री समुद्र मार्ग से कोलंबो में लाई गई और इस समय इसे कोलंबो के बाहर आईसीआरसी के गोदाम में रखा गया है। यहां से इसे श्रीलंका के उत्तरी हिस्सों में भेजा जाएगा।
श्रीलंका में सेना और तमिल विद्रोहियों के बीच जारी संघर्ष में हजारों नागरिक विशेषकर तमिल बेघर हो चुके हैं।
महीना भर पहले श्रीलंका के विशेष दूत बासिल राजपक्षे ने भारत की यात्रा की थी। इस दौरान भारत ने श्रीलंका में मानवीय सहायता देने पर सहमति व्यक्त की थी।
भारतीय राजनयिक ने कहा, "हम स्थिति का आकलन करेंगे और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता सामग्री भी भेजी जा सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।